कश्मीर में आतंकवादी हमला, 3 जवान शहीद
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले के एक गांव में राष्ट्रीय राइफल्स के तीन जवान शुक्रवार को उस समय शहीद हो गए, जब गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिलने के बाद वे गांव की घेरेबंदी कर रहे थे।सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, यह घटना पुलवामा के तराल तहसील के बाचू गांव में हुई।
श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं कोर के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अंकुर वशिष्ठ ने बताया "जिस समय जवान घेरेबंदी कर रहे थे, उस दौरान कुछ आतंकवादियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में हमारे तीन जवान शहीद हो गए। घटनास्थल पर अतिरिक्त जवान पहुंच गए हैं तथा आतंकवादियों की धड़पकड़ के लिए खोजी अभियान जारी है।"

इससे पहले हुई मुठभेड़
जम्मू एवं कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का एक आतंकवादी मारा गया जबकि तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। श्रीनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सैयद आशिक बुखारी ने आईएएनएस से कहा, "पुराने श्रीनगर के फतह कदाल इलाके के नरपारिस्तान में पुलिसकर्मियों के साथ मुठभेड़ में लश्कर का आंतकवादी हिलाल मौलवी मारा गया।"
उन्होंने बताया कि इस अभियान में एक पुलिस उप निरीक्षक व दो कांस्टेबल जख्मी हुए हैं। घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में एक आतंकवादी के छुपे होने की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह पुलिसकर्मियों ने पूरे इलाके को घेर कर यह अभियान शुरू किया। बुखारी ने बताया, "हमारे जवानों द्वारा आत्मसमर्पण की मांग किए जाने पर आतंकवादी ने अपने स्वचालित हथियार से गोलीबारी शुरू की।" उन्होंने कहा, "हमने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें हिलाल मारा गया। वह बारामुला जिले के पालहालन (पाटन) शहर से ताल्लुक रखता था और पिछले चार पांच साल से आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त था।"
श्रीनगर के पुलिस प्रमुख ने पुष्टि की है कि इस कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य सरकार ने सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम (एएफएसपीए) को श्रीनगर एवं अन्य इलाकों से आंशिक रूप से हटाए जाने की दोबारा मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications