खालिद मुजाहिद के परिवार को सरकारी नौकरी देने की मांग
लखनऊ। हाल ही में जिस कथित आतंकी की फैजाबाद कोर्ट से लखनऊ ले जाते वक्त मौत हो गई थी, उसके परिवार को मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग उठ रही है। यह मांग ऑल इंडिया पिछड़ा जन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वाहिद हुसैन घोसी ने की है।
आल इण्डिया पिछड़ा जन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वाहिद हुसैन घोसी ने प्रदेश कार्यालय पर शोक सभा करके खालिद मुजाहिद की मौत पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि खालिद मुजाहिद एक निर्दोष व्यक्ति था, जिसको की झूठे मुकदमें में फसाकर जेल भेज दिया गया था। उसके छुड़ाने के लिए कई संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया था।

उत्तर प्रदेश सरकार ने खालिद मुजाहिद को जांच कराकर छोड़ने का आश्वासन दिया था। प्रदेश सरकार के आश्वासन के बाद खालिद मुजाहिद के घरवालों एवं धरना देने वाले संगठनों को यकीन हो गया था कि प्रदेश सरकार बेगुनाह खालिद मुजाहिद को रिहा कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
खालिद मुजाहिद को जेल से फैजाबाद कोर्ट ले जाया गया तथा फैजाबाद से वापसी के वक्त रास्ते में उसकी संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी, यह एक हादसे की मौत नहीं बल्कि इसको एक साजिश के तहत मारा गया है। यह मुसलमानों के लिए दर्दनाक घटना है जो कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस घटना से देश में रह रहे हिन्दू-मुस्लिम व पिछड़े वर्ग के लोगों को समझना होगा कि आज देश व प्रदेश के हालात काफी खराब हो चुके हैं पुलिस हिरासत में मौते हो रही हैं जगह-जगह बलात्कार की घटनाएँ हो रही हैं, निर्दोष व्यक्तियों को झूठे मुकदमे में फसाकर जेलों में बन्द किया गया है।
घोसी ने कहा अपराधी बाहर घूम रहे हैं, जिनके जिम्मे सरकार ने सुरक्षा की जिम्मेदारी दे रखी है वे ही जिम्मेदारी न निभाकर गैर-जिम्मेदाराना कार्य कर रहे हैं और प्रदेश में अमन-चैन को खराब करना चाहते हैं। आगे श्री हुसैन ने सरकार से मांग किया कि खालिद मुजाहिद के खिलाफ जिन लोगों ने झूठा मुकदमा लिखाकर उसे बेगुनाह जेल में बन्द कराया था, उनके खिलाफ मुकदमा लिखाकर उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करके जेल भेजा जाय।
श्री वाहिद हुसैन ने प्रदेश के सभी हिन्दू-मुस्लिम भाईयों से अपील किया है कि प्रदेश में अमन-चैन कायम रखें और आपसी सद्भाव व भाईचारा बनायें रखें। सरकार से मांग किया कि खालिद मुजाहिद की माँ व पत्नी को 50-50 लाख रूपया दिया जाय तथा उनके परिवार के किसी भी व्यक्ति को सरकारी नौकरी में रखा जाय। आगे श्री हुसैन ने कहा कि आल इंडिया पछिड़ा जन समाज पार्टी खालिद मुजाहिद के परिवार के साथ है।
अन्त में श्री हुसैन ने केन्द्र व प्रदेश सरकार से मांग किया है कि अंग्रेजों द्वारा बनाये गये पुलिस मैनुअल एक्ट में संशोधन किया जाय तथा किसी भी हिन्दू-मुस्लिम व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा लिखने से पहले उसकी पूरी तरह से जांच कर लिया जाय और बिना साक्ष्य के झूठा मुकदमा न लिखा जाय न ही गिरफ्तार किया जाय तथा झूठा मुकदमा लिखाने वाले व झूठी तफ्तीश करने वालों के खिलाफ कार्यवही करके उनको जेल भेजा जाय और जेल में बन्द निर्दोष हिन्दू-मुस्लिम व्यक्तियों की जांच कराकर तुरन्त रिहा किया जाय, जिससे की सभी हिन्दू-मुस्लिम भाईयों को न्याय मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications