श्रीलंका में भयानक तूफान में 7 लोगों की मौत
कोलंबो। श्रीलंका में आए तूफान में सात लोगों की मौत हो गई। लगभग 7,000 लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी बुधवार को दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, श्रीलंका के पूर्वी और दक्षिणी तट पर तूफान 'महासेन' से मची तबाही के दौरान अन्य 10 लोग घायल हो गए और तीन लोग लापता हैं। महासेन श्रीलंका के एक प्राचीन राजा का नाम है।
आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रवक्ता सारथ लाल कुमारा ने बताया कि एक अनुमान के अनुसार, 1,948 परिवारों के लगभग 7,400 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, "बुरी तरह प्रभावित लोगों ने देश के 34 शिविरों में शरण ली है। 98 इमारतों के पूरी तरह ध्वस्त होने और 864 को आंशिक रूप से क्षति पहुंचने की खबर है।"

कई दिनों से भारी बारिश जारी रहने के कारण आठ जिलों में भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है। सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदलयात्रियों को असुविधा का सामना कर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तूफान के जल्द ही श्रीलंका से दूर हटने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications