नीलाम होगा महात्मा गांधी का बिस्तर, वसीयत
लंदन। भारत के राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के कुछ सामान की नीलामी होने जा रही है। यह नीलामी लंदन में 21 मई को होगी, जिसमें उनके उस बिस्तर को नीलाम किया जायेगा, जिस पर बैठकर वो प्रार्थना करते थे। साथ ही वो पत्र, जो उन्होंने अपने सहयोगियों व साथियों को लिखे थे।
यूरोप के सुप्रसिद्ध नीलामी करने वाली संस्था ने गुरुवार को इस नीलामी की घोषणा की। इंग्लैंड के लुडलोव में 21 मई को यह नीलामी होगी। संस्था ने कहा कि इस नीलामी में उन चादरों को नीलाम किया जायेगा जिस पर महात्मा गांधी प्रार्थना करते थे। साथ ही महात्मा गांधी द्वारा काते गए लिनेन के धागे से बनी उनकी शॉल, उनकी व्यक्तिगत कटोरी एवं कांटा-चम्मच, उनके बिस्तर की चादर, उनका निजी कप और यहां तक कि हाथीं दांत पर खुद उनके द्वारा नक्काशी किए गए 'तीन बंदर' के टुकड़े की भी नीलामी की जाएगी। यही नहीं इस नीलामी में महात्मा गांधी द्वारा 1921 में की गई वसीयत एवं अधिकार पत्र के साथ अनेक पत्रों की भी नीलामी की जाएगी।
यूरोप की मशहूर नीलामी करने वाली संस्था मुलॉक्स इस नीलामी का आयोजन करेगी। इसी संस्था ने पहले भी महात्मा गांधी के सामानों की नीलामी की थी। मुलॉक्स के ऐतिहासिक दस्तावेजों के विशेषज्ञ रिचर्ड वेस्टवुड ने कहा, "निश्चय ही हाल के वर्षो में भारतीय इतिहास से जुड़ी यह सबसे महत्वपूर्ण नीलामियों में से एक होगी।" नीलामी के सामानों में महात्मा गांधी की कुछ मूल पेंटिंग्स एवं चित्र भी शामिल हैं और इनमें से कुछ तो महात्मा गांधी द्वारा स्वयं हस्ताक्षरित भी हैं। महात्मा गांधी की निजी सम्पत्तियों के अलावा नीलामी में भारत और पंजाब से जुड़े दस्तावेज, पेंटिंग और कलात्मक वस्तुएं भी होंगी।













Click it and Unblock the Notifications