बॉस्टन ब्लास्ट: प्रोविडेंस नदी से बरामद हुआ सुनील त्रिपाठी का शव
बॉस्टन। अमेरिकी अधिकारी प्रोविडेंस नदी से बरामद किए गए शव को भारतीय मूल के छात्र सुनील त्रिपाठी से जोड़ कर देख रहे हैं जिसे गलती से सोशल मीडिया पर बोस्टन हमले का आरोपी बताया गया था। एबीसी न्यूज के मुताबिक, प्रवक्ता दारा चैडविक का कहना है कि रोड आइलैंड के चिकित्सा परीक्षण कार्यालय में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और अभी तक इसकी पहचान से सम्बंधित जानकारी सामने नहीं आई है। खबर ये भी है शव की शिनाख्त सुनील त्रिपाठी के रूप में कर ली गई है।
प्रोविडेंस पुलिस डिपार्टमेंट के कमांडर थॉमस ओएट्स ने कहा, 20-21 साल के एक लड़के का शव पाया गया है जो कुछ समय तक पानी में रहा है। ब्राउन यूनिवर्सिटी के मनोविज्ञान का 22 वर्षीय छात्र सुनील 16 मार्च से गायब है लेकिन एफबीआई द्वारा बोस्टन हमले के संदिग्ध की तस्वीर जारी करने के बाद सोशल मीडिया पर उसके हमलावर होने की खबर चर्चा में थी।

सुनील के परिवार ने फेसबुक पर उसकी खोज किए जाने की मदद मांगी थी। सोमवार को सोशल मीडिया वेबसाइट रेडिट ने बॉस्टन धमाकों मे कुछ विशेष लोगों के गलती से संदिग्ध के तौर पर नाम लेने पर सार्वजनिक रुप से माफी भी मांगी है। गलती से जिन लोगों की पहचान धमाकों के सिलसिले में संदिग्ध के तौर पर की गई, उनमें त्रिपाठी का भी नाम शामिल था। त्रिपाठी की बहन संगीता ने बीबीसी को बताया था कि जिस गति से 'पूर्ण रुप से अप्रमाणित दावे फैले' उसे देखकर उनके परिवार को चिंता हुई थी। उनका कहना था कि उनके भाई का नाम आने के बाद मीडिया ने उनके घर को घेर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications