सीएम अखिलेश को जनता की सुध नहीं : कांग्रेस

उप्र कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता वीरेंद्र मदान ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री को महाकुंभ मेले की व्यवस्था के संदर्भ में अमेरिका के हारवर्ड विश्वविद्यालय द्वारा बुलाए जाने पर मंत्रियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की इतनी बड़ी फौज को अमेरिका ले जाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि मुख्यमंत्री एवं उनके कबीना मंत्री विदेश दौरे से पहले कानून-व्यवस्था के चलते शर्मिंदगी झेल रहे प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुधारने के बारे में सोचते।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को कुम्भ मेले के इंतजाम पर वाहवाही मिलेगी, तो कुम्भ मेले के दौरान मची भगदड़ में दर्जनों निर्दोष श्रद्घालुओं की मौत की जिम्मेदारी से भी मुख्यमंत्री नहीं बच पाएंगे। उल्लेखनीय है कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के कुशल प्रबंधन को जानने-समझने के लिए हारवर्ड विश्वविद्यालय प्रशासन ने सूबे के मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री को अपने यहां बुलाने का निमंत्रण भेजा था। मुख्यमंत्री अखिलेश, नगर विकास मंत्री आजम खान सहित दर्जनभर अधिकारी 24 अप्रैल को अमेरिका जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications