यूपी में मुश्किल है भाजपा का मोदी फैक्टर चलना: मायावती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का मोदी फैक्टर अभी तक कोई कमाल नहीं दिखा सका है और लोकसभा चुनाव में भी वह किसी काम का नहीं होगा। बसपा प्रदेश कार्यालय में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक के दूसरे दिन गुरुवार को मायावती ने यह बातें कही। मायावती ने साफतौर पर कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए मोदी फैक्टर काम नहीं आएगा।
लोकसभा चुनाव में बसपा के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर मायावती ने कहा, मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं। इसीलिए यह नहीं बता सकती कि बसपा आगामी लोकसभा चुनाव में कितनी सीटें जीतेगी लेकिन मेरी पार्टी यह महसूस करती है कि नतीजे चौंकाने वाले होंगे। तीसरे मोर्चे की सम्भावना के बारे में मायावती ने कहा कि फिलहाल इस सवाल का मतलब नहीं है क्योंकि अभी न तो चुनावों की घोषणा हुई है और न ही नतीजों का ऐलान हुआ है।

बसपा द्वारा पिछली बार की तरह ही इस बार भी लोकसभा के लिए घोषित किए गए प्रत्याशियों को ऐन वक्त पर बदले जाने की सम्भावना के बारे में पूछे जाने पर मायावती ने कहा कि पिछली दफा कुछ गम्भीर शिकायतों की वजह से उम्मीदवार बदले गए थे लेकिन इस बार गहन विचार विमर्श के बाद प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं और ऐसे में उम्मीदवारों के बदले जाने की सम्भावना काफी कम ही है। मायावती ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार सवर्ण जाति के लोगों के साथ ही दलितों पर भी अत्याचार कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications