रामनवमी आज, रामभक्ति में झूमा देश
आज भगवान रामचंद्र का जन्मदिवस है जिसे पूरा देश रामनवमी के रूप में मना रहा है। इस समय मंदिरों में भक्तों के जयकारे गूंज रहे है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देशवालों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने बधाई संदेश में कहा, "रामनवमी के पावन अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि यह खुशहाल पर्व लोगों को एकजुट करे और भगवान राम के सर्वोच्च नैतिक मूल्यों और नैतिकताओं का अनुसरण करने के लिए हमें प्रेरित करे।" रामनवमी का पर्व देश में शुक्रवार को मनाया जा रहा है।
मनमोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा, "भगवान राम धर्मपरायणता और उच्च नैतिक मूल्यों के अवतार हैं। उनका दर्शन और उपदेश हमें सेवा व त्याग की भावना से असहायों की मदद के लिए प्रेरित करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के लिए खुशी, समृद्धि और कल्याण का पर्याय बने।"
गोस्वामी तुलसीदास के रामचरितमानस के अनुसार चैत्र शुक्ल की नवमी तिथि तथा पुनर्वसु नक्षत्र के चतुर्थ चरण एवं कर्क लग्न में भगवान श्रीराम का जन्म हुआ।ऐसी मान्यता है कि भगवान राम का नाम लेने मात्र से सभी समस्याओं का निदान संभव है। यदि नित्य राम स्तोत्र का पाठ किया जाए तो ऐसी कोई मनोकामना नहीं जिसे भगवान राम पूरी नहीं करते। राम स्त्रोत भगवान राम की उपासना करने बहुत ही सरल व सहज माध्यम है, चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को प्रभु श्रीराम का जन्म हुआ था।
इस दिन जो व्यक्ति सच्चे मन से भगवान राम का स्मरण व पूजा-पाठ करता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। इस दिन यदि भगवान श्रीराम को राशि के अनुसार भोग लगाया जाए तो वे बहुत प्रसन्न होते हैं और भक्त के सभी कष्टों का तुरंत निवारण कर देते हैं













Click it and Unblock the Notifications