शिवसेना की दहाड़- भाजपा अभी करे पीएम कैंडिडेट की घोषणा
मुंबई। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना ने लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए दहाड़ लगायी है, जिसमें किसी और को नहीं बल्कि अपनी ही सहयोगी पार्टी भारतीय जनता पार्टी पर वो बरस पड़ी। शिवसेना ने अपने मुखपत्र में भाजपा से सवाल किया कि पीएम कैंडिडेट की घोषणा में इतनी देरी क्यों? शिवसेना ने कहा कि सुषमा स्वराज और आडवाणी को जल्द से जल्द पीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा कर देनी चाहिये।
कुछ सप्ताह पहले शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा था कि वे नरेंद्र मोदी के नाम को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं हैं। लेकिन अब शिवसेना का रुख बदल गया है। पार्टी ने नीतीश कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि 2002 के गुजरात दंगों के लिये मोदी जिम्मेदार नहीं हैं। सामना के संपादकीय में लिखा गया कि अगर पीएम कैंडिडेट की घोषणा अभी कर दी जाती है, तो पार्टी को कम से कम 5 से 10 सीटों का फायदा जरूर होगा।

सामना में भाजपा पर दबाव बनाने की कोशिश भी की गई और भाजपा को चेतावनी भी दी गई कि वो ज्यादा देर तक पीएम कैंडिडेट का इंतजार नहीं कर सकती। हालांकि नीतीश कुमार को खुलकर चेतावनी दी कि मोदी के खिलाफ बयानबाजी बंद कर देनी चाहिये। पीएम पद के प्रत्याशी पर शिवसेना ने लिखा कि वैसे तो मोदी के नाम पर कोई आपत्ति नहीं, लेकिन पार्टी के संस्थापक बाला साहब ठाकरे चाहते थे कि सुषमा स्वराज या आडवाणी पीएम बनें। हालांकि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं, पार्टी अपना पक्ष जल्द ही जनता के सामने रखेगी।












Click it and Unblock the Notifications