इटली की इतनी हिम्मत कि वो भारत को धमकाए: मोदी
कोलकाता। एक क्रियाशील विदेश नीति की वकालत करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सवालिया लहजे में कहा कि इतालवी नौसैनिकों द्वारा भारतीय मछुआरों की हत्या के बाद इटली ने भारत को धमकाने की हिम्मत कैसे की। मोदी ने इस पूरे मामले को देश के अपमान के रूप में व्याख्यायित किया। मोदी ने कोलकाता में एक व्यापारिक संगठन की बैठक में कहा, उल्टा इटली ने हमें डराने की कोशिश की। यह एक कूटनीतिक मामला है। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय को इसमें हस्तक्षेप क्यों करना पड़ा?
मोदी ने कहा, हमने दोनों विचाराधीन इतालवी नौसैनिकों को वोट देने के लिए उन्हें अपने देश जाने की इजाजत दे दी। यहां विचाराधीन नागरिकों को अपनी मां के अंतिम संस्कार तक में शामिल होने की इजाजत नहीं दी जाती। जिस प्रकार मामले को हैंडल किया गया, उससे देश का अपमान हुआ है। मोदी ने इटली द्वारा नौसैनिकों को वापस भारत न भेजने की बात के संदर्भ में ये बातें कहीं। भारतीय मछुआरों की हत्या करने वाले दो इतालवी नौसैनिकों के खिलाफ भारत के न्यायालय में मुकदमा चल रहा है तथा भारत ने दोनों नौसैनिकों को चुनाव में हिस्सा लेने के लिए इटली जाने की इजाजत दी थी।

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इतालवी राजदूत को दिल्ली न छोड़ने का आदेश देने तथा दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत के बाद अंतत: दोनों नौसैनिकों को मुकदमे की सुनवाई के लिए भारत वापस भेज दिया गया। मोदी ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक संबंध कूटनीतिक मामलों पर असर डालते हैं और उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आर्थिक मोर्चो पर नेतृत्व प्रदान करने में असफल रहा है। मोदी के अनुसार भारत अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय समूहों में एक 'छोटे सैनिक' के समान है और इसका रुतवा बदलने की जरूरत है। (आईएएनएस)












Click it and Unblock the Notifications