कल शाम 5 बजे उपवास तोड़ देंगे अरविंद केजरीवाल
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी के संस्थापक और समाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल कल शाम यानी कि शनिवार को अपना अनशन समाप्त करेंगे। अरविंद केजरीवाल ने खुद इस बात की घोषणा की है। मालूम हो कि बिजली और पानी के मुद्दे पर शुरु हुआ केजरीवाल के अनशन का आज 14वां दिन है। केजरीवाल ने कहा कि 6 अप्रैल से उनके आंदोलन का दूसरा चरण शुरू होगा। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल के समर्थकों की संख्या 10 लाख से ज्यादा पहुंच चुकी है और शुक्रवार केजरीवाल की बिगड़ी हुई तबीयत के मद्देनजर सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा है।
समर्थकों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कल उनका सिर्फ अनशन समाप्त होगा आंदोलन नहीं। मालूम हो कि अरविंद केजरीवाल सुगर के मरीज हैं और ऐसे में उनका अनशन उनके स्वास्थय पर बुरा असर डाल सकता है। गांधीवादी समाजसेवक अन्ना हजारे ने भी केजरीवाल से अनशन तोड़ने की अपील की थी। इसके अलावा गुरुवार को केजरीवाल से मिलने उनके माता-पिता भी पहुंचे थे।

उल्लेखनीय है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सुंदरनगरी इलाके में शहीदे आजम भगत सिंह के शहादत दिवस 23 मार्च से बिजली और पानी के बढ़े बिलों को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर डटे हुए हैं। उन्होंने बिजली और पानी के बढ़े बिल का भुगतान न करने की अपील की है और लोगों का आह्वान किया है कि वे बढ़े हुए बिलों की खिलाफत करें। सबसे खास बात यह है कि इस साल के अंत में दिल्ली विधानसभा चुनाव होने हैं और केजरीवाल अबतक अपनी ताकत का एहसास मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को करा चुके हैं। इस क्रम में केजरीवाल दिल्ली के हर कोने में अपनी पार्टी की पहुंच बना लेना चाहते हैं ताकि जब चुनाव का ऐन वक्त आए तो बड़ी लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जा सके।












Click it and Unblock the Notifications