राष्ट्रपति, पीएम ने दी देशवासियों को होली की बधाई

राष्ट्रपति ने होली की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा कि होली के अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। वसंत के आगमन का प्रतीक यह पर्व सभी के लिए प्रसन्नता, आशा और कामनाओं की पूर्ति का अग्रदूत है। प्रणब ने कहा कि होली के विभिन्न रंग हमारी विविध और बहु सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करते हैं। मैं कामना करता हूं कि रंगों का यह त्योहार हमारे राष्ट्रीय मूल्यों में हमारे विश्वास को सुदृढ़ करे और एकता, सद्भाव और सभी की भलाई को बढ़ावा दे। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि देशभर में हषरेल्लास के साथ मनाया जाने वाला होली का यह त्योहार विविधता में एकता और सभी मनुष्यों के बीच समानता के विचारों को सुदृढ़ करता है।
अंसारी ने इस मौके पर सभी के जीवन में शांति समृद्धि और प्रसन्नता की कामना की। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि रंगों का त्योहार ‘जीवन और अच्छाई का उत्सव है तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। होली की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह त्योहार वसंत के आगमन, नयी आशाओं का संचार करने और सुखद भविष्य का प्रतीक है। मनमोहन सिंह ने कहा कि यह त्योहार सभी के लिए शांति, प्रसन्नता और समृद्धि लेकर आए।












Click it and Unblock the Notifications