कानून-व्यवस्था को लेकर यूपी विधानसभा गर्म
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को प्रमुख विपक्षी दल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सूबे में गिरती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की। कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। उप्र विधानसभा में सुबह 11 बजे जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने सूबे की कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया।
मौर्य ने कहा कि सूबे की कानून-व्यवस्था निरंतर गिरती जा रही है। कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री को इस दिशा में कारगर कदम उठाने चाहिए। नेता प्रतिपक्ष के इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, "सपा सरकार बसपा की तरह नहीं है। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार ध्यान दे रही है। जहां भी घटनाएं दर्ज हो रही हैं, उसमें सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।"

अखिलेश ने कहा कि पूर्ववर्ती बसपा सरकार में तो एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। एक वाकये का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक मामले में तो उन्हें खुद सपा के बड़े नेताओं के साथ मामला दर्ज कराने के लिए एक थाने के बाहर रातभर बैठना पड़ा था। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा नहीं है कि सरकार काम नहीं कर रही है। घटनाएं घट रही हैं तो पुलिस तेजी से कार्रवाई भी कर रही है और आगे भी कानून-व्यवस्था के मुद्दे के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications