केंद्र के समर्थन पर अंतिम फैसला मुलायम करेंगे: अखिलेश
लखनऊ। कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अलग होने के बाद सबकी नजरें अब समाजवादी पार्टी (सपा) पर हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि संप्रग को समर्थन जारी रखने के बारे में अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को लेना है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने कहा, हमारा पूरा राष्ट्रीय नेतृत्व इस समय दिल्ली में है। संप्रग सरकार को अब समर्थन जारी रखना है या नहीं इस बारे में आखिरी फैसला नेता जी (मुलायम) को लेना है।
इस दौरान अखिलेश ने हालांकि कहा कि अभी तक सपा का संप्रग को समर्थन है। हम नहीं चाहते कि ऐसे हालात बने कि साम्प्रयादिक ताकतें सत्ता में आएं। उन्होंने कहा कि सपा अभी चुनाव लड़कर आई है। एक साल में तमाम चुनावी वादे पूरे किए हैं। अगर चुनाव की परिस्थितियां बनती हैं तो सपा इसके लिए तैयार है। मालूम हो कि सपा बेनी प्रसाद के इस्तीफे की मांग को लेकर अड़ी हुई है। उल्लेखनीय है कि बेनी प्रसाद वर्मा ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव पर हमला बोला था और कहा था कि मुलायम सिंह ना सिर्फ गुंडा हैं बल्कि उसके रिश्ते आतंकवादियों से हैं।

गोंडा में जनसभा को संबोधित करते हुए बेनी प्रसाद वर्मा ने कहा था कि जितना मैं तुम्हारे (मुलायम) बारे में जानता हूं कोई और नहीं जानता। कमिशन खाओ और अपने परिवार को भी खिलाओ, मगर बेनी प्रसाद वर्मा ऐसा नहीं करेगा। मुलायम सिंह! तुमने हमेशा विरोधियों को अपने दुश्मनों की तरह लिया है। इसके बाद बेनी कहा, 'अपराध और बेईमानी तुम्हारा पेशा है। मुलायम सिंह प्रदेश के लिए शाप है। वहीं श्रीलंका मुद्दे पर डीएमके की तरफ से समर्थन वापस लेने के बाद यूपीए पूरी तरह से मुलायम सिंह पर निर्भर हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications