जया प्रदा ने की मीडिया से बदसलूकी, पत्रकार को कहा 'एक लाफा दूंगी न तुमको'
देवरिया। गुजरे जमाने की प्रसिद्ध अभिनेत्री और सांसद जया प्रदा पर मीडिया से बदसलूकी करने का आरोप लगा है। उन्होंने कैमरे के सामने पत्रकारों को थप्पड़ मारने की धमकी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार जया प्रदा प्रतापगढ़ के कुंडा में शहीद हुए डिप्टी एसपी जिया उल हक की पत्नी परवीन आजाद से मिलने उनके गृह जनपद देवरिया गईं थी। मीडिया ने उनसे सूबे की कानून व्यवस्था और समाजवादी पार्टी से उनके रिश्ते के बारे में सवाल पूछा। बस इसी बात पर जया प्रदा पत्रकारों से उलझ पड़ी और कहा कि अखिलेश यादव से मेरा कोई मतभेद नहीं है।
जया प्रदा ने कहा कि अखिलेश मेरे भाई के समान है लेकिन इससे पहले वे सूबे के मुख्यमंत्री हैं। जया प्रदा ने कहा कि यह बात सही है कि सूबे में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मगर जैसे ही जया प्रदा से उनके सपा से रिश्ते के बारे में पूछा गया वो भड़क उठीं। उन्होंने कहा कि ये कैसा सवाल है। हमें पार्टी से निकाल दिया गया है। उनका गुस्सा इतना कहने पर भी नहीं थमा। उन्होंने रिपोर्टरों की तरफ मुखातिब होते हुए कहा, 'बुद्धि है कि नहीं तुमको, एक लाफा दूंगी।'

गौरतलब है कि रामपुर से सांसद जया प्रदा और सपा के महासचिव रहे अमर सिंह को 2010 में पार्टी से निकाल दिया गया था। अमर और जया प्रदा के साथ चार विधायकों अशोक चंदेल, संदीप अग्रवाल, मदन चौहान और सर्वेश सिंह को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। इन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे थे। उल्लेखनीय है कि यूपी के कुंडा के बलीपुर गांव में भीड़ ने डीएसपी जिया-उल-हक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद यूपी के सीएम अखिलेश यादव, कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता उनके गांव आ चुके हैं और शहीद के परिजनों को सांत्वना दे चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications