विरोध की आशंका से फिलाडेल्फिया में होने वाला मोदी का भाषण रद्द
नई दिल्ली। पिछले महीने दिल्ली के एसआरसीसी में छात्रों को संबोधित करने वाले गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का अमेरिका के फिलाडेल्फिया की इकोनॉमिक फोरम में होने वाले भाषण को रद्द कर दिया गया है। वार्टन इंडिया इकोनॉमिक फोरम के आयोजकों का कहना है कि कुछ छात्रों और प्रोफेसरों के विरोध के चलते मोदी के भाषण को रद्द किया गया है। आने वाली 22-23 तारीख को वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए मोदी फोरम को संबोधित करने वाले थे।
अब मोदी की जगह किसी अन्य नेता का भाषण होगा हालांकि अभी किसी और का नाम फाइनल नहीं किया गया है। भाजपा की तरफ से मोदी को प्रधानमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है अभी हाल भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मोदी को भाजपा का गर्व कहा था। माना जा रहा है कि इस भाषण के रद्द होने से कहीं न कहीं उनकी स्वीकृति पर सवाल उठ रहे हैं।
अब देखने वाली बात यह है कि भाजपा और उसके सहयोगी दल कैसे इस मसले को सुलझाते हैं। गुजरात में किये गये अपने विकास कार्यों की बदौलत मोदी ने अपनी पहचान एक विकास पुरूष की बना ली है। अभी आम बजट आने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी वित्तमंत्री की तारीफ की थी जिसे मोदी की खिलाफत का ही संकेत माना जा रहा था। जो कि यह बताता है कि भाजपा की सत्ता आने पर मोदी का प्रधानमंत्री बनना अभी तय नहीं है।













Click it and Unblock the Notifications