फोन टैपिंग नहीं की गई सिर्फ कॉल डिटेल ली गई थी: गृहमंत्री
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की कथित तौर पर जासूसी कराये जाने का आरोप झेल रही सरकार को बचाते हुए, आज गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने राज्यसभा में सफाई देते हुए कहा है कि अरूण जेटली की फोन टैपिंग नहीं की गई थी सिर्फ कॉल डिटेल्स ही मांगी गई थी। गौरतलब है कि पिछले दिनों कुछ लोगों ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के ईमेल आईडी से मेल करते हुए जेटली की कॉल डिटेल मांगी थी। जिस पर कुछ भाजपा नेताओं ने सरकार पर विपक्ष की जासूसी कराने का आरोप लगाया था।
गृहमंत्री ने राज्यसभा में अपने भाषण के दौरान कहा कि इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होने 1500 रूपये के बदले कॉल डिटेल मांगी थी। इस मामले में आरोपित व्यक्ति अनुराग सिंह द्वारा जेटली के साथ-साथ विजय गोयल, सुधांशु मित्तल और नितिन गडकरी की भी कॉल डिटेल निकलवाने से मामला और गहराता जा रहा था। अनुराग ने 60 से ज्यादा लोगों की कॉल डिटेल निकलवाई थी।
अनुराग सिंह एक प्राइवेट जासूसी एजेंसी चलाता है। उसके पिता कस्टम डिपार्टमेंट में आईजी के पद से रिटायर हैं। अनुराग को उसके तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसका लैपटॉप जब्त कर लिया है और उसकी गहन जांच की जा रही है। इसके पहले अमर सिंह की फोन टैपिंग मामले में भी अनुराग का नाम आया था।













Click it and Unblock the Notifications