यूपी में 15 मार्च से छात्रों को मिलने लगेंगे लैपटॉप
लखनऊ। जिन छात्रों ने पिछले साल 12वीं पास किया है, वे जल्द ही हाईटेक पढ़ाई में कदम रखेंगे। हो सकता है 15 मार्च को ही। क्योंकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12वीं पास छात्रों को जल्द लैपटॉप प्रदान करने जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक लैपटॉप वितरण की शुरुआत लखनऊ से 15 को हो सकती है।
पिछले साल चुनाव के दौरान सपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में 12वीं उत्तीर्ण छात्रों को लैपटॉप एवं टैबलेट देने का वादा किया था और उसी योजना पर अमल करते हुए सत्ता में आये अखिलेश यादव ने 15 मार्च से पहले अपने वादे को पूरा करने का मन बना लिया है। लैपटॉप वितरण का प्लान तैयार किया जा चुका है। किस क्षेत्र के छात्रों के बीच लैपटॉप का वितरण पहले किया जाए यह भी तय हो चुका है।

अधिकारी के मुताबिक पहले लैपटॉप का वितरण राजधानी लखनऊ के छात्रों के बीच किया जा सकता है और इसके बाद ही अन्य जिलों की बारी आएगी। पहली खेप में करीब पांच हजार लैपटॉप का वितरण छात्रों के बीच किया जाएगा। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने का काम तेजी से शुरू कर दिया है।
इसके लिए 21 फरवरी को राजधानी में सभी जिले के अधिकारियों को बुलाकर पोर्टल अपडेट करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। विभाग ने हालांकि अभी लैपटॉप बांटे जाने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है, लेकिन चूंकि यह सरकार की सबसे महात्वाकांक्षी योजना है इसलिए मुख्यमंत्री इसकी शुरुआत की तारीख खुद तय करेंगे।
चूंकि सरकार को एक वर्ष पूरे करने पर अपनी उपलब्धियों के बारे में बताना होता है, इसलिए सरकार चाहेगी कि यह योजना भी वादा पूरा करने की सूची में शामिल हो। ऊपर से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में अपनी उपलब्धियों का डंका पीट सकें इसलिये भी लैपटॉप वितरण अभी ही होने की संभावना है। लैपटॉप वितरित करने के लिए एचपी इंडिया के साथ करार हो चुका है और कंपनी को अनुबंध होने के 60 दिनों के भीतर पांच फीसदी लैपटॉप प्रदेश के तहसीलों तक पहुंचाने हैं।












Click it and Unblock the Notifications