भारत बंद: बिहार में सड़कों पर उतरे हड़ताली
पटना। अपनी मांगों के समर्थन में 11 ट्रेड यूनियनों के दो दिवसीय भारत बंद के पहले दिन बुधवार को सुबह से ही बिहार में आवागमन पर असर दिखाई देने लगा। ट्रेड यूनियनों के नेता और वामदलों के बंद समर्थक झंडे, बैनरों के साथ सुबह से ही सड़कों पर उतर गए और बंद को सफल बनाने की कोशिश में जुट गए। पटना के सभी निजी विद्यालयों में भारत बंद को देखते हुए बुधवार और गुरुवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है।
पटना, जहानाबाद और बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर बंद समर्थकों ने रेल पटरियों पर उतरकर जाम कर दिया, जिससे रेलगाड़ियों का आवागमन ठप हो गया। पटना में विक्रमशिला एक्सप्रेस, बिहारशरीफ में श्रमजीवी एक्सप्रेस को कई घंटों तक रोके रखा गया। जहानाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 83 को सुबह से ही जाम कर दिया गया।
पटना के अतिव्यस्त डाकबंगला चौराहे, वीरचंद पटेल सहित कई मार्गो पर बंद समर्थकों ने जाम कर दिए हैं। इस दौरान कई वाहनों को भी निशाना बनाया गया। नालंदा, गया, मुजफ्फरपुर में भी व्यपारिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद हैं, सड़कों पर आवागमन रोक दिया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, बंद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध भी किए गए हैं। सभी इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। बंद के दौरान अभी तक कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications