गठबंधन की जरुरत नहीं, अपने बलबूते चलाऊंगा पार्टी: राज ठाकरे
मुंबई। महाराष्ट्र के सियासत में अहम भूमिका निभाने वाली दो पार्टियां, शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर फिर विराम लग गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना सुप्रीमो राज ठाकरे ने ऐलान किया है कि मुझे शिवसेना के गठबंधन की जरुरत है, मैं अकेले ही अपने बलबूते पार्टी चलाऊंगा और इसीलिए मैं महाराष्ट्र के दौरे पर हूं। राज ठाकरे ने ये ऐलान एक रैली के दौरान किया।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में रैली के दौरान राज ठाकरे ने कहा कि किसी भी पार्टी से गठबंधन का उनका कोई इरादा नहीं है। मालूम हो राज ठाकरे के इस ऐलान के बाद से गठबंधन की अटकलों पर विराम लग गया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बयानों से ऐसी उम्मीद जाहिर की जा रही थी कि दोनों भाईयों के बीच नजदीकी बढ़ी है।

पिता की मृत्यु के बाद शिवसेना अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे उद्धव ठाकरे ने सामना में दिए इंटरव्यू में ऐसे संकेत दिए थे कि राज दोस्ती का हाथ बढ़ाते हैं तो वो उसे थामने को तैयार हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि दोनों पार्टियों के बीच नजदीकी बढ़ सकती है। बहरहाल, इन पार्टियों की सियासत आगे कौन-सा रंग लेती है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। गौरतलब है कि राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना शिवसेना के लिए सिरदर्द बन चुकी है। हर चुनाव में वो शिवसेना के वोट बैंक में सेंध लगाती है।












Click it and Unblock the Notifications