मध्य प्रदेश में बारिश, ठंड बढ़ने के आसार
भोपाल। मध्य प्रदेश में सोमवार की रात हुई बारिश के चलते एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार बन गए हैं। आसमान पर बदली छाई है और हवाओं में ठंडक घुल गई है। राज्य में सबसे कम तापमान शिवपुरी मे 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सोमवार को दिन में धूप चुभन पैदा कर देने वाली थी मगर शाम को आसमान पर बादलों की आमद बढ़ी और रात को बारिश हुई।
राजधानी भोपाल में सोमवार की रात को 4.6 मिलीमीटर और इंदौर में 5.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल बरसे हैं। मंगलवार को आसमान पर बादल छाए हैं, और ठंड का असर बढ़ने के आसार बन गए हैं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य में कई स्थानों पर बारिश के साथ ठंडी हवाओं का जोर बढ़ सकता है। इससे ठंड बढ़ने के आसार हैं। बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके अतिरिक्त इंदौर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में अधिकतम तापमान 25.7 और न्यूनतम 12़1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में अधिकतम 29 और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ठंडा शिवपुरी जिला है, जहां न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications