इलाहाबाद रेलवे स्टेशन हादसा लापरवाही का नतीजा : नीतीश कुमार
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के लिए रेल विभाग की लापरवाही को मुख्य कारण बताया है पटना में 'जनता दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम के बाद इलाहाबाद स्टेशन पर हुई भगदड़ से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में नीतीश ने पत्रकारों से कहा कि समाचारपत्रों में जो खबर छपी है, उस आधार पर रेल विभाग की लापरवाही का पता चलता है।
उन्होंने कहा कि रेलवे को खासकर उस समय, जब स्टेशन पर भारी भीड़ रहती हो, अंतिम समय में किसी ट्रेन के ठहराव के लिए प्लेटफॉर्म को बदलना नहीं चाहिए। ऐसा किए जाने से आपाधापी मचती है, ठेलमठेला होता है और भगदड़ मचने की गुंजाइश बढ़ जाती है।
प्रधानमंत्री पद से जुड़े एक प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई जरूरी नहीं है कि एक ही विषय पर बार-बार कुछ कहा जाए। प्रधानमंत्री कैसा हो, इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात वह पहले ही बता चुके हैं। उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी में किसी को किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं है। पार्टी की बैठक होगी तो इस मुद्दे पर विचार होगा।"लोकसभा चुनाव के विषय में उन्होंने कहा, "जहां तक मेरी समझ है, आम चुनाव समय पर ही होगा। यदि चुनाव समय से पहले होता है तब भी मैं सक्रिय रूप से चुनाव में भागीदार बनूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications