भारत के प्रति बहुत आशावान हैं मुकेश अम्बानी
वाशिंगटन। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अम्बानी भारत और अमेरिका को लेकर बहुत आशावान हैं। क्योंकि भारत में जहां एक अरब लोगों की आकांक्षाएं हैं, वहीं अमेरिका में ऊर्जा परिदृश्य का एक मौलिक रूपांतरण हुआ है। देश के सबसे धनाड्य और एशिया के दूसरे सबसे धनाड्य व्यक्ति ने मुम्बई स्थित अपने 27 मंजीले भवन में एक निजी टीवी चैनल के साथ विशेष बातचीत में कहा, "मैं तमाम लोगों से अधिक आशावान हूं।" उनसे पूछा गया था कि वित्तीय संकट शुरू होने के पांच साल बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर उनका क्या नजरिया है।
अम्बानी ने कहा कि देश की विकास दर 5.5 फीसदी तक नीचे आने और आर्थिक सुधार तथा बदहाल आधारभूत संरचना को लेकर विदेशी निवेशकों की शिकायतों के बावजूद वह भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर आशावान हैं। उन्होंने कहा, "भारत की विकास दर में कमी आई है, लेकिन मैं काफी आशावान हूं।"

अम्बानी ने अमेरिका के प्रति भी समान आशा जाहिर की। उन्होंने कहा, "मेरा विचार यह है कि इस वर्ष खासकर अमेरिका में तेजी वापस लौटेगी, क्योंकि अमेरिका के ऊर्जा परिदृश्य में मूलभूत बदलाव आया है।"
अम्बानी ने कहा कि अमेरिका अगले पांच से सात सालों में ऊर्जा के क्षेत्र में विदेशी आयात से मुक्त हो जाएगा। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा, "उसे शेल तेल व गैस के रूप में गैर-पारम्परिक ऊर्जा मिल गई है। इससे सिर्फ अमेरिकी नागरिकों को ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में लोगों को लाभ होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications