अब अगली फांसी किसको होगी ये नहीं बताऊंगा: सुशील कुमार शिंदे

इस प्रेस कांफ्रेंस में सबसे मजेदार रहा जब शिंदे से यह पूछा गया कि कसाब और अफजल गुरु के बाद अगली फांसी किसको होगी? इस सवाल पर सुशील कुमार शिंदे हंस पड़े और जवाब दिया कि अगला कौन ये बताऊंगा तो कोई और कोर्ट में जाएगा। वहीं शिंदे ने यह दावा किया कि अफजल गुरु के फांसी की सूचना स्पीड पोस्ट से भेज दी गई थी जिसकी रसीद भी उनके पास है। जब शिंदे से यह पूछा गया कि स्पीड पोस्ट अबतक उनके परिजनों तक क्यों नहीं पहुंचा तो शिंदे ने जवाब दिया कि हर काम गृह मंत्रालय नहीं करता है। उन्होंने कहा कि मैंने सिर्फ इस सूचना पर साइन किया था।
सुशील कुमार शिंदे ने बताया कि स्पीड पोस्ट जेल प्रशासन भेजता है। इस मामले में जेल मैनुअल के हिसाब से पूरी प्रक्रिया का पालन किया गया। उन्होंने माना कि इस मामले में गोपनीयता बरती गई क्योंकि यदि जब कुछ खुलेआम और पारदर्शी हो जाएगा तो काम नहीं हो पाएगा। हिंदू आतंकवादी बयान पर सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि अगर इस मामले में भारतीय जनता पार्टी उन्हें काले झंडे दिखाना चाहती है तो वो दिखाए उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
शिंदे से जब यह पूछा गया कि उन्होंने कहीं अपने विरोध को कम करने के लिये अफजल गुरु को फांसी देना फैसला तो नहीं लिया? इस संबंध में शिंदे ने कहा कि मेरे बयान और अफजल की फांसी का कोई लिंक नहीं है। शिंदे ने साफ तौर पर कहा कि आतंकवाद का कोई रंग नहीं होता। अफजल की कब्र पर उसके परिवारवालों द्वारा अंतिम संस्कार की इजाजत मांगने के मुद्दे पर शिंदे ने कहा कि इसपर विचार किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications