अफजल की फांसी का बदला लेगा लश्कर ए तैयबा
श्रीनगर। संसद पर हमला करने वाले आंतकी अफजल गुरू को शनिवार सुबह तिहाड़ जेल में फांसी पर लटका दिया गया। उसके बाद देश के कोने-कोने में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जम्मू-कश्मीर में एहतीयातन कर्फ्यू भी लगा दिया गया है जो कि दूसरे दिन भी जारी है। लेकिन इसी बीच खबर आ रही है कि लश्कर ए तैयबा ने धमकी दी है कि केवल अफजल को फांसी पर लटका देने से भारत सरकार ना सोचे कि उसने हमारा मुंह बंद करा दिया है। हम चुप बैठने वालों में से नहीं है।
लश्कर ए तैयबा के प्रवक्ता डॉक्टर अब्दुल्ला गजनवी ने शनिवार को श्रीनगर में बीबीसी को फोन पर बोला है कि अफजल को फांसी यह साबित करता है कि भारतीय सरकार केवल अपने हिंदू वोट जुटाने में लगी है। वो मुसलमानों के खिलाफ है।
अगर वाकई में वो सारे धर्मों को बराबर का दर्जा देती है तो वो समझौता एक्सप्रेस में हुए हमले के दोषियों को फांसी क्यों नहीं दे रही है जिसमें कि बहुत पहले ही साफ हो चुका है कि उस घटना को हिंदू आतंकवादियों ने अंजाम दिया था। यही नहीं लश्कर ए तैयबा ने यह भी कहा है कि उसे समझौता एक्सप्रेस के दोषियों की फांसी की तारीखें चाहिए वरना वो बहुत जल्द भारत से बदला लेगा।
गौरतलब है कि संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को शनिवार सुबह आठ बजे फांसी दे दी गई। इससे पहले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उसकी दया याचिका खारिज कर दी थी।सर्वोच्च न्यायालय ने 2004 में अफजल को मृत्युदंड की सजा सुनाई थी।उसे अक्टूबर, 2006 में फांसी होनी थी लेकिन उसकी पत्नी की ओर से दया याचिका दायर करने के बाद इस पर रोक लग गई। दिसम्बर, 2001 में हुए संसद हमले में नौ लोग मारे गए थे। उस वक्त हथियारबंद पांच पाकिस्तानी आतंकवादियों ने संसद परिसर में घुसकर गोलीबारी की थी। सभी आतंकवादी मारे गए थे।













Click it and Unblock the Notifications