आर्थिक सुस्ती से प्रभावित हो सकती है वैलेंटाइन डे की खुशी : सर्वेक्षण
नई दिल्ली। आर्थिक सुस्ती के कारण युवा वेलेंटाइन डे की योजनाओं को सीमित कर रहे हैं। यह बात ऑनलाइन मेट्रीमॉनी वेबसाइट 'जीवनसाथी डॉट कॉम' द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण में सामने आई।प्रेमी युगल हर साल 14 फरवरी के इस खास मौके लिए बढ़-चढ़ कर योजनाएं बनाते हैं, लेकिन सर्वेक्षण में 34 फीसदी युवाओं और 44 फीसदी लड़कों ने बताया कि मौजूदा आर्थिक सुस्ती की मार वेलेंटाइन डे के कार्यक्रम पर पड़ सकती है।
एक बयान के मुताबिक महानगरों में लगभग 50 फीसदी पुरुषों ने बताया कि उन्होंने वेलेंटाइन डे की योजनाओं में कटौती की है। 'जीवनसाथी डॉट कॉम' के बिजनेस प्रमुख रोहित मंघनानी ने कहा, "कम्पनियों में वेतन में मामूली वृद्धि और सुस्त प्रोन्नति के कारण युवा अधिक व्यावहारिकता अपना रहे हैं।"
यह दिन हालांकि युवाओं के लिए किसी भी तरह से कम महत्वपूर्ण नहीं होने वाला है, फिर भी खर्चे में कमी तो होने ही वाली है। सर्वेक्षण में 'जीवनसाथी डॉट कॉम' के ढाई हजार से अधिक सदस्यों ने हिस्सा लिया। युवा इस दिन को कैसे खास बना सकते हैं, इस सवाल पर 76 फीसदी प्रतिभागियों ने कहा कि वे इस दिन सगाई या शादी करना चाहेंगे।
उपहार के रूप में फूलों को सर्वाधिक 43 फीसदी युवाओं ने पसंद किया, इसके बाद 22 फीसदी ने डिनर को और 20 फीसदी ने आभूषणों को पसंद किया। अधिकतर लड़कों ने यह भी बताया कि इस दिन वे अपनी प्रेमिका के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना चाहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications