बौद्ध महोत्सव में देशी-विदेशी कलाकार बिखेरेंगे जलवा

गया। महात्मा बुद्ध की ज्ञानस्थली बिहार के बोधगया में बुधवार से तीन दिनों तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव में देशी और विदेशी कलाकार अपना जलवा बिखेरेंगे। यह महोत्सव नालंदा, सम्राट अशोक और भगवान बुद्ध पर केंद्रित होगा। बोधगया के कालचक्र मैदान मे होने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के हजारों लोग शिरकत करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे जबकि उद्घाटन सत्र में बौद्ध भिक्षुओं द्वारा सूत्रपाठ किया जाएगा।

गया की जिलाधिकारी वंदना प्रेयसी ने मंगलवार को बताया कि तीनों दिन देश और विदेश के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। बुधवार को उद्घाटन के दिन भूटान के कलाकार पाम और नगाम, श्रीलंका के कलाकार गिनी सिसिला और नागा घरूलु रक्षा नृत्य और वेस नृत्य पेश करेंगे वहीं सिक्किम के तमांग सेलो नेपाली नृत्य पेश करेंगे।

Buddha Mahotsava in Gaya

जापान के कलाकार मसाको ओनो ओडिशी नृत्य से आगंतुकों का मन मोहने की कोशिश करेंगे तो लेह के कलाकार चेरसिस और जबरो राल्पा जिप्सी और ड्रायमेन शाड्रो नृत्य से लोगों को रिझाएंगे। दूसरे दिन गया घराने के पंडित गोवर्धन मिश्र ठुमरी पेश करेंगे तो राजेंद्र कुमार चैती, फगुआ और सिजुआर दादरा से उत्तर भारतीय संस्कृति और कला का प्रदर्शन कर लोगों को सम्मोहित करेंगे। इस दौरान कलाकर बिहार की संस्कृति से जुड़े नाटक और नृत्य भी पेश करेंगे। इसी दिन महाबोधि मंदिर परिसर में 'सम्राट अशोक एंड बुद्धिज्म' विषय पर सेमीनार का आयोजन किया गया है।

महोत्सव के समापन के दिन पंजाब, मणिपुर, गुजरात, असम सहित कई राज्यों से आए कलाकर अपने करतब व कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। कलाकारों के अपनी कला का जौहर दिखाने के लिए कालचक्र मैदान में मंच बनकर तैयार है। दिल्ली के मंच डिजायनर कैलाश जिवानी के नेतृत्व में बनाए गए इस मंच पर राजगीर स्थित विश्व शांति स्तूप, अशोक स्तंभ के साथ ही नालंदा के यादगार दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं। मंच सज्जा और निर्माण में दिल्ली और कोलकाता के कारीगरों को बुलाया गया है।

महोत्सव के समापन के दिन शुक्रवार को सुबह सभी धर्मों के लोगों द्वारा शांति मार्च निकाला जाएगा और महाबोधि वृक्ष की छांव तले विश्व शांति के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। महोत्सव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा में कोई चूक न रहने की हिदायत दी गई है। पूरे बोधगया में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+