तैयार हो जाओ! सितंबर में होगा लोकसभा चुनाव: मुलायम
नयी दिल्ली। तीसरे मोर्चे की तैयारी कर रहे सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह ने एक बार फिर से आशंका जताई है कि लोकसभा का चुनाव समय से पहले हो सकता है। यूपीए सरकार को बाहर से समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी ने ये बयान देकर सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। मुलायम सिंह की माने तो लोकसभा चुनाव अपने तय समय 2014 के बजाय 2013 में ही हो सकती हैं। उनकी माने तो बजट सत्र के बाद कभी भी लोकसभा चुनाव हो सकता है। उन्होंने तो चुनाव के लिए तारिख तक तय कर दी। मुलायम सिंह के मुताबिक सितम्बर 2013 में आम चुनाव हो सकते हैं।
अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए सपा सुप्रीमों ने उन्हें चुनाव के लिए तैयार रहने का आदेश तक दे दिया है। केन्द्र की सत्ता के लिए मचल रहे मुलायम तीसरा मोर्चा बनाने में जुटे हुए हैं। समाजवादी पार्टी के महासचिव रामआसरे कुशवाहा ने पीएम पद के लिए मुलायम सिंह का नाम आगे किया है। मुलायम क्षेत्रिय पार्टियों से संपर्क में है। इन पार्टियों के सहयोग से वो थर्ड फ्रंट बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार मुलायम सिंह लोकसभा चुनाव को लेकर अलर्ट जारी कर चुके हैं। मुलायम की इन बयानबाजियों से तो लगता है कि वो मंहगाई, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा को लेकर यूपीए सरकार के खिलाफ उठे माहौल का फायदा उठाना चाहते हैं साथ ही हाल में यूपी विधानसभा चुवान में अपनी पार्टी को मिले जनाधार को बरकरार रखने की जुगत में लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications