राजनाथ से मिले मोदी, केंद्रीय राजनीति में आने की संभावना
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। जिस बात की चर्चा राजनीतिक सरगर्मी को बढ़ा दे रही थी उसके संबंध में आज कुछ संकेत मिले हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा फायर ब्रांड नेता नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय राजनीति में आने का संकेत दे दिया है। भाजपा के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को बधाई देने के मकसद से आज दिल्ली आने के बाद मोदी सीधे उनके घर गये। मोदी के आते ही राजनाथ सिंह घर से बाहर निकले और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। दोनो गले मिले और फिर घर के अंदर गये।
दोनों के बीच 2 घंटों तक बातचीत हुई और फिर दोनो ने साथ ही दोपहर का खाना खाया। उसके बाद दोनों ने मीडिया से बात की और मुलाकात के बारे में चर्चा की। नरेन्द्र मोदी ने साफ-साफ कहा कि हमने इस मुद्दे पर चर्चा किया है कि बीजेपी की गुजरात इकाई अब देश सेवा किस तरह कर सकती है।

जानकारों की मानें तो मोदी के इस बयान के कई सारे मतलब निकाले जा रहे हैं। मालूम हो कि हाल ही हुए एक सर्वे ने इस बात का खुलासा कर दिया है कि नरेंद्र मोदी देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में सबसे चहेते राजनेता हैं और उन्हें देश के करीब 57 प्रतिशत लोग प्रधानमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहते हैं।
इस सर्वे के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और इसको लेकर पार्टी के आला नेताओं में भी सुगबुगाहट है कि अगर को मिशन-2014 को कामयाबी की मंजिल तक पहुंचाना है तो नरेंद्र मोदी को आगे लाना होगा। मोदी ने कहा कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजनाथ सिंह से उनकी मुलाकात के दौरान 2014 में होने वाले आम चुनाव पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह एक अनुभवी नेता है और उनका अनुभव पार्टी को आगे ले जाने में सहायता प्रदान करेगा।












Click it and Unblock the Notifications