इमरान खान ने दी धमकी, सड़कों पर उतरेंगे समर्थक
इस्लामाबाद। पूर्व क्रिकेटर और तहरीक ए इंसाफ पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान ने यह धमकी दी है कि अगर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को जल्दी लागू न किया गया तो उनके समर्थक सड़कों पर उतर आएंगे। गौरतलब है कि कल पाक के सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। इमरान ने अपने समर्थकों का आह्वान करते हुए कहा कि वह किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें और उनके निर्देशों का इंतजार करें। उन्होने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संवाददाता सम्मेलन में अपना सात सूत्री एजेंडा भी पेश किया।
उन्होने कहा कि सरकार से मई 2013 में प्रस्तावित चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा करने की बात की और साथ ही यह भी कहा कि वर्तमान राष्ट्रपति के रहते साफ सुथरे चुनाव नहीं हो सकते हैं। अत: आसिफ अली जरदारी को भी इस्तीफा दे देना चाहिए। इमरान ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी द्वारा लागू अंतरिम व्यवस्था को अस्वीकार कर दिया।

चुनाव आयोग पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान ने कहा कि उपचुनाव में हुई धांधली को रोंकने में चुनाव आयोग असफल रहा है। अत: इसमें भी सुधार की गुंजाइश है। वर्तमान हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री राजा अशरफ परवेज के सहयोगी फवाद चौधरी ने कहा है कि अब यह जाहिर हो गया है कि सेना और सुप्रीम कोर्ट मिलकर सरकार गिराना चाहते हैं। हालांकि जानकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री की गिरफ्तारी से सरकार नहीं गिरेगी बल्कि सांसद सर्वसम्मति से दूसरा प्रधानमंत्री चुन सकते हैं।
पाकिस्तान की वर्तमान सरकार का कार्यकाल मार्च में पूरा हो रहा है लेकिन राजनीतिक अस्थिरता होने से अर्थव्यवस्था पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। पाकिस्तान के सेंसेक्स में 500 अंकों की गिरावट देखी गई है। इमरान खान के अलावा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ डॉ कादिर के नेतृत्व में लगभग 1 लाख लोग पाक संसद के सामने धरना दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications