पाकिस्तान पर आक्रमण करे भारत: शिवसेना
मुंबई। पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा भारतीय जवानों के साथ किये गये क्रूरतापूर्ण कारनामें से पूरे देश में गुस्से का माहौल है। लोग पाकिस्तान के साथ सभी संबंधों को खत्म करने की बात कर रहे हैं। इस पर शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में लिखा गया है कि इतना सब हो जाने के बाद भी भारत सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। भारत को इसका जवाब देने के लिए पाकिस्तान पर आक्रमण कर देना चाहिए। सामना में यह भी लिखा गया है कि भारत के पास जो भी परमाणु बम हैं वह रखे रखे धूल खा रहे हैं। पत्र में भारत सरकार को नपुंसक बताया गया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के जवान मंगलवार को भारतीय सीमा में 100 मीटर अन्दर तक घुस आये और गश्त कर रहे जवानों पर पीछे से हमला कर उन्हें गोली मार दी और फिर एक जवान का सिर काटकर ले गये। ऐसा कहा जा रहा है कि हमलावरों ने वेश बदलकर भारतीय सीमा में प्रवेश किया था जिसे भारतीय जवानों ने स्थानीय गायक मंडली समझा और पाक सैनिकों ने उनपर कायरतापूर्ण ढंग से पीछे से हमला कर दिया।

इस मामले की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर निंदा की जा रही है लेकिन पाकिस्तान सेना ने इससे इनकार दिया है। पाक सेना का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। ऐसा कुछ भी नहीं किया गया है, हमने जमीनी जांच करा ली है। इस घटना के एक दिन बाद भी एलओसी पर गोलीबारी हुई है। हमले में शहीद हुए जवान का उसके गांव में अंतिम संस्कार किया जायेगा।
इस घटना ने 1999 की घटना की याद भी दिला दी जब पाक सेना ने कैप्टन सौरभ कालिया और उनके साथियों को बंदी बना लिया था और उन्हें 22 दिनों तक अमानवीय यातनाएं दी थी, यहां तक कि उनके अंग भंग भी कर डाले थे और बाद में उनके क्षतविक्षत शव भारत को सौंप दिये थे।












Click it and Unblock the Notifications