मोदी ने ब्लॉग पर लिखा- हम उसके भी हैं, जिसने हमें वोट नहीं दिया

मोदी ने अपने ब्लॉग में लिखा- लोगों ने एक बार फिर आवाज़ दी है। इस बार आवाज़ ज्यादा तेज और साफ है। 2012 गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि विकास और सुशासन की राजनीति हर किसी पर जीत दर्ज कर सकती है। मैं लोगों को उनकी भावनाओं, समर्थन और मेरे और मेरी पार्टी और मेरी सरकार के प्रति अटूट विश्वास के लिये धन्यवाद देना चाहता हूं।
सबसे महत्वपूर्ण रूप से मैं आभार व्यक्त करना चाहता हूं गुजनात के उन लोगों का जिन लोगों ने मेरे लिये दुआ की। जिन लोगों ने मुझे गुजरात में पिछले 11 साल से सेवा करने का मौका दिया है। आज मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने मुझे एक और अवसर दिया है आने वाले वर्षों में राज्य की सेवा करने का। इस चुनाव में गुजरात की जनता की जीत हुई है। यह जीत है गुजरात की नारी शक्ति की, जिसने बुलंद आवाज में नारे लगाये। यह हमारे युवाओं की जीत है, जिन्होंने चुनाव में मेरे कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, वो भी शुरू से लेकर आखीर तक। यह जीत है किसानों की, यह जीत है गरीबों की यह जीत है वरिष्ठ नागरिकां की जो हमारे साथ खड़े हैं। यह जीत है गुजरात के सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशक और सवांगी मॉडल की और सुशासन की है।
मैं इसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती मानता हूं कि मेरे जैसा व्यक्ति, जिसने बहुत ही साधारण परिवार में जन्म लिया, उसे इतना बड़ा अवसर मिला है। वो भी इतने सालों तक समाज की सेवा करने का। मैं लोगों के बीच बड़ा हुआ और उन्हीं का प्यार है जो मुझे लगातार तीसरी बार अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने मुझे रात दिन सेवा करने का मौका दिया।
जो युवा राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहते हैं उनके लिये गुजरात विधानसभा चुनाव प्रेरणा का स्रोत है। बहुत जल्दी हमारे देश के युवा निराश हो जाते हैं। सोचते हैं सफलता के द्वार कब खुलेंगे। जबकि सत्यता यह है कि सफलता के द्वार मेहनत से ही खुलते हैं। गुजरात आपको मौका देता है कि अगर आप अपनी मातृभूमि की सेवा करना चाहते हैं, रात दिन काम करना चहाते हैं तो आपको अवसर जरूर मिलेगा। यहां पर काम करने वाले को समान रूप से देखा जाता है, चाहे वो किसी भी जाति का हो या किसी भी धर्म का।
मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस जंग में बिना रुके, बिना थके मेरा साथ दिया और कमल को फिर से खिलाया। यह लाखों कार्यकर्ताओं की दृढ़ता का कमाल है। दोस्तों समय की मांग यही कहती है कि छह करोड़ गुजराती एक साथ खड़े हों। हम सिर्फ उनकी सरकार नहीं हैं, जिन्होंने हमारे लिये वोट किया। हम हर एक व्यक्ति से जुडे हुए हैं और हमें एक-एक व्यक्ति की चिंता है। गुजरात भव्यता और प्रगति की ओर अग्रसर है। इस सफलता का श्रेय हर धर्म, हर जाति और हर वर्ग को जाता है।
गरीबी, अभाव या रुकावटें किसी भी समाज में जाति, वर्ग या व्यक्ति को देखकर नहीं आतीं हैं बल्कि वोटबैंक और जातिवाद की राजनीति से ऊपर उठकर इनके हल खोजे जाते हैं। यदि आप गुणवत्तापरक परिवर्तन लायेंगे, लोगों के लिये विकास करेंगे और शासन को अच्छा बनाये रखेंगे तो हर व्यक्ति आपके साथ रहेगा। यही हमारा लक्ष्य रहा है और हमारी पार्टी ने इसी पर काम किया है और करती रहेगी।
लोगों ने हमारे लिये बहुत पसीना बहाया। हमें जो भी समर्थन मिला है वो जनता की मेहनत की वजह से मिला है। सरकारी कर्मचारी कई-कई घंटे काम करके पसीना बहाते रहे। लोगों ने उन्हें लालच दिया और हमसे दूर करने के प्रयास किये, लेकिन उन सभी पर मेहनत का पसीना भारी पड़ा। गुजरात को ऐसा बना दिया है कि बड़े-बड़े उद्योगपति इधर आकर्षित हों। यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर पर जहां-जहां ध्यान गया है वहां और मजबूती लायेंगे और जहां-जहां कमी है वहां हम वो सभी सुविधाएं लायेंगे जो उन्हें नहीं मिल सकी हैं। हमने हर जगह से दलाली खत्म कर दी है, इस वजह से लोगों को उनके पसीने की सही कीमत मिल पाती है।
एक साधारण व्यक्ति ने मुझसे पूछा- गुजरात के विकास के लिये मोदी जी आने वाले वर्षों में आपका एजेंडा क्या है? मेरा जवाब है- आने वाले वर्षों में मैं जनता की सेवा जारी रखूंगा, लोगों के लिये नये अवसर पैदा करूंगा। हम गुजरात को ऐसा बनायेंगे ताकि सिर्फ आप ही नहीं बल्कि आपकी आने वाली जैनरेशन भी खुशी से जीवन यापन कर सके। हमारी यात्रा है भव्य और दिव्य गुजरात बनाने की जो अब शुरू हुई है!












Click it and Unblock the Notifications