मतगणना कल, गुजरात में अटल रहेंगे नरेंद्र मोदी
अहमदाबाद। गुजरात चुनाव की मतगणना कल होनी है और नरेंद्र मोदी यहां पर अटल हैं। हमारा तात्पर्य अटल बिहारी वाजपेयी से है। जिस प्रकार उनके शासन में लोग उन पर ज्यादा भाजपा पर कम विश्वास करते थे, ठीक उसी प्रकार आज मोदी पर विश्वास करते हैं। यही कारण है कि अधिकांश एक्जिट पोल मोदी के समर्थन में आये हैं। कल गुजरात के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव की मतगणना होगी, जिनके लाइव अपडेट आप वनइंडिया पर देख सकेंगे।
गुजरात में मोदी की वापसी सिर्फ उनके दम पर होगी न कि भाजपा के। गुजरात की जनता मोदी को ठीक उसी प्रकार मानती है, जैसे अटल बिहारी बाजपेयी को मानती थी, जब वो प्रधानमंत्री थे।

ऐसा कहा जाता है कि अटल बिहारी के राजनीतिक परिदृश्य से हट जाने से भाजपा को अब तक कोई भरोसेमंद चेहरा नहीं मिल सका है जिसके कारण देश की जनता भाजपा को समर्थन दे सके। इस लोकसभा चुनाव से पहले भी यह पार्टी बिखरी हुई नजर आ रही है। ऐसे में उसे नरेंद्र मोदी से ही सहारे की उम्मीद है।
नरेंद्र मोदी ने अपने विकास कार्यों से जनता के बीच एक विकास पुरूष की छवि बना ली है। अत: गुजरात में उनकी वापसी को तय माना जा रहा है। इस चुनाव में जीत से वह खुद को अगले आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए भी प्रोजेक्ट कर सकेंगे। विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में तय करने के बाद ही भाजपा को कुछ लाभ मिल सकता है वरना कर्नाटक में येदुयुरप्पा के पार्टी से अलग होने के बाद इसका वोट बैंक और भी कम होने के आसार हैं।
गुजरात में मोदी की संभावित जीत को भले ही भाजपा अपनी जीत बता रही हो लेकिन अगले आम चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मोदी को आगे लाकर ही मिल सकता है। फिलहाल मोदी की जीत को पार्टी अपनी जीत नहीं कह सकती है। गुजरात मे मोदी के विकास कार्य उन्हें सत्ता में वापस ला सकते हैं। जो कि पूरे देश के अन्य राजनीतिक दलों के लिए एक सबक होगा कि विकास की राजनीति ही अब सफल होगी।


Click it and Unblock the Notifications
