18 लाख कर्मचारी तोड़ने निकले मायावती का सपना
लखनऊ। प्रोमोशन में रिजर्वेशन का जो सपना मायावती बुन रही हैं, उसे तोड़ने के लिये उत्तर प्रदेश के 18 लाख कर्मचारी सड़कों पर निकल पड़े हैं। कर्मचारियों का यहां तक कहना है कि इस विधेयक के खिलाफ आज 18 लाख कर्मचारी हैं, कल 18 करोड़ होंगे। उधर हड़ताल पर गये कर्मचारियों के बहाने समाजवादी पार्टी ने सदन में अपना एक अलग दांव चल दिया है।
पिछले तीन दिनों से राज्यसभा में सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) को प्रमोशन के लिए विधेयक (117वां) संशोधित पर चर्चा हो रही है। चर्चा सुचारू रूप से चल नहीं पाने पर मायावती ने सभापति तक को खरी-खोटी सुना डाली। मायावती ने इस विधेयक को पास कराने के लिये सारे घोड़े खोल दिये हैं, लेकिन अब उनके मंसूबों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

यूपी के 18 लाख कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले गये हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इस बिल के बाद अयोग्य कर्मचारी बड़े पदों पर बैठ जायेंगे और व्यवस्था का सत्यानाश हो जायेगा।
सपा के नेता व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि अगर यूपी का कामकाज प्रभावित हुआ तो देश का भी प्रभावित होगा। इस बिल के आने से 82 फीसदी लोगों को विभाग के प्रमुख बनने का मौका नहीं मिलेगा। यानी तमाम ऐसे लोग जो रिटायरमेंट तक विभाग प्रमुख बनने का सपना देखते हैं, उनके सपने सपने ही रह जायेंगे। उन्होंने कहा कि यह देश की भावना है। राम मंदिर की भावना सरकार तोड़ नहीं पायी थी, इसी तरह कर्मचारियों की भावना को तोड़ने के प्रयास यूपी सरकार नहीं करेगी।












Click it and Unblock the Notifications