12-12-12: हो गया एक युग का अंत, हमेशा के लिये अस्त हुआ संगीत का 'रवि'
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। माया कैलेंडर की मानें तो 12-12-12 यानी कि आज दुनिया का अंत होना था। खैर यह बात पूरी तरह से झूठी साबित नहीं हुई और पूरी दुनिया तो नहीं मगर एक दुनिया का आज अंत जरूर हो गया। जी हां सितार के शहंशाह और भारतीय शास्त्रीय वाद्य संगीत का दुनिया भर में डंका बजाने वाले पंडित रविशंकर के जीवन का तार टूट गया। सीधे शब्दों में कहें तो संगीत के युग का आज अंत हो गया और संगीत का 'रवि' हमेशा के लिये अस्त हो गया। मशहूर सितारवादक पंडित रविशंकर का आज 92 साल की उम्र में निधन हो गया। अमेरिका के सैन डियागो में उन्होंने अंतिम सांस ली।

पंडित रविशंकर 7 अप्रैल 1920 को बनारस में पैदा हुए थे और नृत्य के जरिए उन्होंने कला जगत में प्रवेश किया था। पंडित रविशंकर अपने बड़े भाई उदयशंकर की तरह नृत्यकला की ऊंचाइयां छूना चाहते थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने सितार वादन सीखा और आत सितार का नाम आते ही बर्बश ही मुंह से पंडित रविशंकर का नाम निकल जाता है।
भारत रत्न पंडित रविशंकर के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत सिनेमा और संगीत जगत ने शोक जताया है। गीतकार जावेद अख्तर ने कहा है कि पंडित रविशंकर के निधन से भारतीय संगीत अनाथ हो गया है। सितार सम्राट पंडित रविशंकर को 1999 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। तीन बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता पंडित रविशंकर इस साल भी 55 वें ग्रैमी पुरस्कारों के लिए नामांकित हुए थे। उन्हें उनके एलबम ‘द लिविंग रूम सीजन्स पार्ट-1' के लिये नामांकित किया गया था।


Click it and Unblock the Notifications
