प्रियंका गांधी का फीडबैक- एलपीजी ने लगायी आक्रोश की आग

ज्ञात हो कि पिछले दिनों गांधी परिवार ने अमेठी व रायबरेली का दौरा किया था जिसमें पार्र्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रियंका की बैठक में कार्यकर्ताओं ने प्रियंका को जनता के आक्रोश की जानकारी दी थी। प्रियंका के फीड बैक के बाद कांग्रेस के कई नेता यह चाहते हैं कि गैस की पूर्ववत स्थिति बहाल की जाए।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके सांसद पुत्र राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने अमेठी व रायबरेली का दौरा किया था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं से महंगाई और रसोई गैस को लेकर जनता में व्याप्त आक्रोश की जानकारी दी। प्रियंका गांधी वाड्रा से तो कार्यकर्ताओं ने यहां तक कह दिया मैडम रसोईं गैस कहीं नसबन्दी से भी ज्यादा घातक न साबित हो जाये। इसके बाद दिल्ली लौट प्रियंका ने हाईकमान को इसकी जानकारी दी तथा कहा कि यदि हो सके तो वर्तमान व्यवस्था में बदलाव किया जाए। प्रियंका की राय के बाद से ही कांग्रेस में रसोई गैस को लेकर पुन: मंथन शुरू हो गया है।
सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस का एक बड़ा तबका रसोई गैस को पूर्ववत स्थिति में बहाल किये जाने का पक्षधर है जबकि एक धड़े का कहना है कि यदि इसमें कठिनाई है तो छूट के सिलेन्डरों की संख्या बढ़ायी जानी चाहिये। गौरतलब हो कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर छूट वाले सिलेण्डरों की संख्या नौ किये जाने की मांग पहले ही कर चुके हैं। फिलहाल गैर कांग्रेसी दलों ने तो इसे चुनावी मुद्दा बनाते हुए लोगों को गैस के मुद्दे पर केन्द्र के खिलाफ भड़काना भी शुरू कर दिया है।
समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा ने कहा कि रसोईं गैस का कोटा तय नहीं किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमत बढ जाने से भारतीय जनता पार्टी को कई जगहों पर हार झेलनी पड़ी थी और अब कांग्रेस की बारी है। लोकसभा के आगामी चुनाव में कांग्रेस को रसोई गैस के दाम बढ़ाने के दुष्परिणाम झेलने होंगे। श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि रसोई गैस में सरकार ने यदि अपनी हठवादिता जारी रखी तो कांग्रेस के लिये यह आत्मघाती हो सकता है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक का कहना है कि केन्द्र सरकार न चेती तो उनकी पार्टी इस मुद्दे को लेकर गांव गांव जायेगी। जनता को बताया जायेगा कांग्रेस सरकार जब भी आती है तो साथ में महंगाई लाती है।












Click it and Unblock the Notifications