मेरी हत्या कराना चाहते हैं सपा मंत्री - रंगनाथ मिश्रा

लैकफैड घोटाले में गिरफ्तारी से अब तक बच रहे श्री मिश्र ने कहा कि सपा के कुछ बाहुबली विधायक उनकी हत्या करा देना चाहते हैं और उन्हें जानबूझ कर घोटालों में फंसाया गया है जबकि सच तो यह है कि इससे उनका कोई लेना देना नहीं है। खुद को लैकफैड घोटाले से अलग बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका इस प्रकार के घोटाले से कोई लेना देना नहीं और घोटले में उनका नाम जबरन लिया जा रहा है जबकि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया जो नियमविरूद्ध हो। उन्होंनें कहा कि उन पर दर्ज सभी मुकदमें फर्जी हैं जो राजनीतिक विद्वेष के तहत उन पर किये गये हैं।
श्री मिश्र ने कहा कि जिस मामले में उनके आवास और अन्य स्थानों पर छापेमारी की जा रही है उसमें पेशी आगामी दो नवम्बर को है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जानबूझकर उन्हें परेशान कर रहे हैं जबकि उन्होंने लगातार पुलिस की कार्रवाई में सहयोग दिया फिर भी लोग उनके पीछे लगे हुए हैं। श्री मिश्र ने कहा कि कई मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला चल रहा है लेकिन उनके यहां छापे नहीं मारे जा रहे हैं जबकि उनके आवास पर जांच एजेंसी जरूर छापेमारी कर रही है। उनके आवास पर मारे गये छापों से साबित होता है कि यह सब राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications