कमबख्त इश्क ने मजनू को बना दिया फर्जी कैप्टन, गिरफ्तार

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान उमेश निवासी राजपुरा, पटियाला के रूप में हुई है। उसने तारागढ़, राजस्थान के पते पर कैप्टन का फर्जी पहचान पत्र बना रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। जम्मू पुलिस ने युवक को शनिवार सुबह ज्यूल इलाके स्थित राजधानी होटल से काबू किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि खुद को सेना का कैप्टन बताकर एक युवक ने शुक्रवार को कमरा किराया पर लिया था, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने लगी। पुलिस ने होटल में दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के पहुंचने पर भी युवक खुद को सेना का कैप्टन बता अपनी धौंस दिखाता रहा। पुलिस ने उसके सामान की तलाशी के दौरान सेना का पहचान पत्र भी बरामद किया, जिसमें उसकी कैप्टन की वर्दी पहने फोटो भी लगी थी। पुलिस ने जब सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने बताया कि वह लड़कियों को इम्प्रेस करने के लिए खुद को सेना का कैप्टन बताता है।
पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के बीकानेर निवासी लेफ्टिनेंट जाह्नवी चुरू निवासी के उमेश कुमार के झांसे में आ गई और दोनों के बीच दो साल तक प्रेम प्रसंग चलता रहा। दोनों में काफी नजदीकियां बढ़ गई। पुलिस ने बताया कि उमेश 2010 में किसी काम से महाराष्ट्र के पुणे स्थित सेना के ट्रेनिंग सेंटर गया था। वहां परेड चल रही थी। उमेश परेड में शामिल इस युवती पर फिदा हो गया। उसने युवती को अपना परिचय सेना में कैप्टन के तौर पर करवाया। युवती के पिता राजस्थान में ही सेना में तैनात थे। इस वजह से दोनों की नजदीकियां बढ़ गई। बाद में युवती की पोस्टिंग जम्मू में हो गई तो युवक उससे मिलने जम्मू आने लगा। युवक एक नामी स्कूल का कंप्यूटर टीचर है। फर्जी दस्तावेज के जरिये सेना के अति संवेदनशील स्थलों में उसके सेंध लगाने की बात से सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई है। पुलिस को आरोपी के साथी चंडीगढ़ के पंचकूला निवासी संदीप देशवाल की तलाश है जिसने उसे जम्मू में मोबाइल सिम कार्ड व अन्य दस्तावेज मुहैया करवाए थे।












Click it and Unblock the Notifications