फोन पर बात करने पर बेटी का गला घोंटा

पिता को डर था कि कहीं उसकी बेटी घर से भाग न जाए और शारीरिक शोषण की शिकार लड़कियों में उसका नाम भी शामिल न हो जाए। इसलिए ऐसा होने से पहले उसने उसे मार डालना ही बेहतर समझा।
झज्जर के जाटव मुहल्ले में एक पिता को देर रात बेटी का प्रेमी से बातचीत करना इतना नागवार गुजरा कि उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे की है। जाटव मुहल्ला निवासी मनीष पुत्र रमेश ने पुलिस को बताया कि घटना के वक्त घर में पिता रमेश, मां शीला मौजूद थे।
जांच में सामने आया कि 21 वर्षीय युवती सिरसा में नर्स का कोर्स कर रही थी और वहीं छात्रावास में रहती थी। वह कुछ रोज पूर्व ही वहां से अवकाश लेकर घर आई थी। मनीष ने बताया कि उसके पिता को शक था कि वह किसी से प्रेम करती है। बुधवार रात वह किसी से फोन पर बात कर रही थी। इस पर पिता आगबबूला हो गया और उसने युवती की पिटाई शुरू कर दी। यही नहीं, उसने गुस्से में मोबाइल के चार्जर से उसका गला भी घोंट दिया। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications