अब कांग्रेसी नेता मांग रहे प्रमोशन में रिजर्वेशन

राज्यसभा में कांग्रेस सांसद एंव आंध्र प्रदेश के प्रमुख ओबीसी नेता वी हनुमंत राव ने कहा कि पिछड़े वर्ग को भी पदोन्नति में आरक्षण मिलना चाहिए। राव ने कहा कि वह जल्द ही इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव से मुलाकात करेंगे। संसद भवन के बाहर उन्होंने मीडिया बातचीत के दौरान आरक्षण की मांग की।
राव ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए ओबीसी नेताओं की बैठक बुलाई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही जा रही है। उनका कहना है कि ओबीसी को भी पदोन्नति में आरक्षण देना चाहिए।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को पदोन्नति में आरक्षण देने के बिल को कैबिनेट द्वारा मंजूरी मिलने के फैसले पर सरकारी कर्मचारियों में खासा नाराजगी देखने को मिल रही है। बुधवार को लगभग 16 लाख सरकारी कर्मचारी इस फैसले का विरोध करने के लिए सड़को पर उतरेंगे। यह विरोध सर्वजन हिताय संघर्ष समिति के बैनर तले किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
