दिल्ली हिंसा: 25 हिरासत में, इलाके में पसरा तनाव

वाहनों की जांच के दौरान बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, वह युवक रूका नहीं गाड़ी को और तेज भगाने लगा। तभी वहां खड़े एक पुलिसकर्मी ने उसके ऊपर डंडा चला दिया। डंडा मोटरसाइकिल के पहिए में जाकर फंस गया, जिसके कारण गिरने से युवक घायल हो गया। इसके बाद लोगों ने मयूर बिहार इलाके में जमकर हंगामा किया।
लोगों ने कार, बस और ट्रक सहित 7 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को लगभग एक दर्जन आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। गुस्साई भीड़ ने एक पुलिस बूथ को भी फूंक दिया। भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को फॉयरिंग भी करनी पड़ी, जिसमें एक युवक की जान चली गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार सहित सभी घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हंगामे वाली भीड़ ने पुलिस के साथ-साथ मीडियाकर्मियों को भी नहीं छोड़ा। उनकी गाडि़यों में भी आग लगा दी गई। लोगों पर काबू पाने के लिए कई थानों की पुलिस को मयूर बिहार फेस तीन में बुलाया गया। काफी संख्या में पुलिसबल को तैनात किया गया। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सूत्रों के अनुसार इलाके में अब भी तनाव का माहौल है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हिंसा भड़काने का मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली सरकार ने इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications