गुरुद्वारा गोलीबारी: शोक में झुके रहेंगे अमेरिकी ध्वज

अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि विस्कोन्सिन में हुई विवेकहीन हिंसा के शिकार हुए लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए मैं व्हाइट हाउस और सभी सरकारी इमारतों, मैदानों, सैन्य चौकियों, नौसेना केंद्रों, सभी अमेरिकी अधिकार क्षेत्रों, कोलंबिया जिले की संघीय सरकार के नौसैनिक पोतों समेत पूरे अमेरिका में अमेरिकी ध्वज को दस अगस्त तक रोजाना सूर्यास्त तक आधा झुकाए रखने का आदेश देता हूं।
ओबामा के इस बयान में कहा गया है मैं यह भी आदेश देता हूं कि सभी अमेरिकी दूतावासों, राजदूतों के आवासों, वाणिज्य दूतावास कार्यालयों और सभी अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों, नौसैनिक पोतों और केंद्रों समेत विदेश में स्थित सभी अमेरिकी प्रतिष्ठानों पर भी अमेरिकी ध्वज इसी तरह झुका दिए जाएं।
गौरतलब है कि पांच अगस्त को विस्कोन्सिन के एक गुरूद्वारे में एक बंदूकधारी ने घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इस गोलीबारी में रविवार की प्रार्थना के लिए इकट्ठे हुए लोगों में से छह की मौत हो गई और तीन बुरी तरह घायल हो गए। गोलीबारी के पीडि़तों के प्रति सम्मान जताने के अमेरिका के इस कदम का वहां रहने वाले सिख समुदाय ने स्वागत किया है।
वाशिंगटन स्थित सिख काउंसिल ऑन रिलीजन एंड एजुकेशन के अध्यक्ष राजवंत सिंह ने कहा हमारे देश के नेता का यह अच्छा प्रयास है। इससे निश्चय ही दुनिया में यह संदेश जाएगा कि यह देश घृणा और पूर्वाग्रह से ग्रस्त इस बर्बर हिंसक घटना में मारे गए सिख पीडि़तों के लिए शोकाकुल है। उन्होंने कहा व्हाइट हाउस तथा अमेरिकी सरकार की अन्य इमारतों पर अमेरिकी ध्वज को आधा झुकाकर फहराने का आदेश इस हिंसा के पीडि़तों को सम्मान जताने का एक बेहतर तरीका है।
यह प्रयास न केवल पीडि़तों के प्रति सम्मान जताता है बल्कि यह इस देश की सामूहिक भावना को भी दर्शाता है। सिंह ने कहा इससे एक कड़ा संदेश जाता है कि अमेरिका में हुई यह त्रासद घटना केवल सिखों के लिए त्रासद घटना नहीं है। हम उन पुलिस अधिकारियों के लिए भी प्रार्थना करते हैं जिन्होंने दूसरों को बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी थी।












Click it and Unblock the Notifications