तब तो कैदियों की जगह उनके बाप को जेल में डालना चाहिए: कांग्रेस

रमन सिंह के कथित विवादित बयान के बाद राज्य में राजनीति तेज हो गई है। राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे बेतुकी बयानबाजी कहा है। वहीं, मुख्यमंत्री के मुताबिक उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल ने कहा है कि 13 जुलाई को देश के 45 वें विज्ञान केंद्र के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा था कि बेटा गलती करता है तो बाप की ठुकाई होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान रमन सिंह की बौखलाहट, मानसिक असंतुलन और वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। अपराधी, अपराधी होता है और उसकी सजा किसी और नहीं दी जा सकती है। पटेल ने कहा है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को नसीहत दी थी कि वे फिल्म शोले के जय और वीरू की तरह काम करें।
मुख्यमंत्री इसी तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने देख लूंगा, छोडूंगा नहीं जैसी बातें कहकर राजनैतिक मर्यादा का उलंघन किया है। मुख्यमंत्री आज किसानों के हित का चिंतन छोड़कर मीडिया के साथ मुकदमे बाजी और धमकियां देने में लगे हुए हैं।
पटेल ने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है कि रमन सिंह को वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में अपनी हार स्पष्ट दिखाई दे रही है और इसी हार का खौफ उन पर हावी हो गया है। अब उन्हें अपनी गद्दी बचाने का कोई उपाय नहीं सूझ रहा है। उनके बेतुकी बयानबाजी से राज्य की जनता अपमानित महसूस कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications