जिंस-टॉप और तमंचे वाली लुटेरी ने तीन लोगों को लूटा

घटनाक्रम के अनुसार सैनी फोटो स्टूडियो में काम करने वाले गांव खेड़ा के सूबेसिंह, सिवानी के विक्रम और धर्मवीर शुक्रवार को गांव तलवंडी बादशाहपुर में बलजीत नागर के बेटों सुरेश और अनिल की शादी में बुकिंग पर गए थे। रात करीब 12 बजे काम खत्म होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से ही सिवानी के लिए रवाना हो गए। रूपाणा से निकलते ही उनके पीछे आ रही कार ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ी एक युवती और दो युवक बाहर निकले। तीनों ने ही अपने चेहरे ढंक रखे थे। युवती जींस और टॉप पहने हुए थी और चुन्नी से मुंह ढांप रखा था।
उनमें से एक युवक ने मोटरसाइकिल चला रहे सूबेसिंह पर तमंचा तान दिया। नकाबपोश युवती ने रौबदार आवाज में उन्हें जहां हो वहीं खड़े रहने के हुक्म सुनाया। उम्र उसकी 25 से कम ही लग रही थी। उसने फोटोग्राफरों के हाथों से 2 वीडियो कैमरे, एक स्टिल कैमरे के अलावा सूबेसिंह व धर्मवीर का मोबाइल फोन छीन लिया। दूसरे युवक ने उनकी बाईक को छिना और फरार हो गया। थाना प्रभारी दलीप सिंह किरडोलिया का कहना है कि पुलिस ने एक अज्ञात युवती सहित 2 युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। लुटेरों का सुराग लगाने के लिए पड़ोसी राज्य राजस्थान पुलिस की मदद ली जा रही है और इस तरह के गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में भी तमंचे वाली के चर्चे हैं।












Click it and Unblock the Notifications