प्रणब दादा आज पहुंचेंगे चेन्नई, करेंगे प्रचार की शुरुआत

तमिलनाडु से दादा एक जुलाई को कर्नाटक जाएंगे। वहां भी वे अपने के लिए वोट मांगेंगे। उसके बाद के देश के अन्य भागों में जाएंगे। वे बंगाल भी जाएंगे जहां वे ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने प्रणब मुखर्जी को राष्ट्रपति बनाने में तृणमूल कांग्रेस के समर्थन का संकेत भले न दिया हो, लेकिन कांग्रेस को उन पर अब भी भरोसा है। पार्टी को लगता है कि कई वजहों से अंतत: वह भी प्रणब का समर्थन कर देंगी। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि ममता का प्रमुख एजेंडा पश्चिम बंगाल का विकास है। वह उससे समझौता नहीं करेंगी। जबकि वित्त मंत्री एवं दूसरे जिम्मेदारी के पदों पर रहते हुए प्रणब भी बंगाल की तरक्की के पैरोकार रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को यह विश्वास इसलिए भी है, क्योंकि भाजपा समर्थित राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी पीए संगमा जब कोलकाता में ममता से मिले तो उन्होंने उन्हें भी समर्थन का भरोसा नहीं दिया। दूसरा, कांग्रेस के गले यह भी नहीं उतर रहा है कि ममता केंद्र की संप्रग सरकार को कहीं से भी अस्थिर करने के लिए फिलहाल उससे दूर जाने की सोच रही हों।
प्रणब जाएंगे करुणानिधि के घर
चेन्नई पहुंचने के बाद दादा करुणानिधि के आवास पर जाएंगे। उसके बाद वह यहां के एक होटल में संप्रग सांसदों और द्रमुक के विधायकों से भेंट कर प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। राज्य में राष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 81,550 मत हैं। इसमें 234 विधायकों के 41,184 मत और सांसदों के 40,356 मत शामिल है। सांसदों में 39 लोकसभा और 18 राज्यसभा सदस्य शामिल हैं। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने मुखर्जी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे संगमा का समर्थन किया है।
चेन्नई जाने के लिए दिया था द्रमुक ने न्योता
सूत्र बता रहे हैं कि जिस दिन प्रणब की उम्मीदवारी की घोषणा की गई तो वहां द्रमुक के प्रतिनिधि के तौर पर स्टालिन और टीआर बालू उपस्थित थे और उन्होंने ही सबसे पहले प्रणब को बधाई दी और उन्हें कहा कि वे चेन्नई से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत करें, ऐसे द्रमुक प्रमुख की इच्छा है। सूत्र बता रहे हैं कि सोनिया गांधी के कहने के बाद ही दादा आज से चेन्नई से ही अपने प्रचार की शुरुआत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications