नीरज कुमार बने दिल्ली के नये पुलिस कमिश्नर

मूल रूप से बिहार के पटना के रहने वाले नीरज कुमार ने अपनी पढ़ाई भी दिल्ली से की है। वे सेंट स्टीफन कालेज, दिल्ली से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है। उनकी दिल्ली में पहली तैनाती बतौर एसीपी चाणक्यपुरी (1979) में हुई थी। इसके बाद वे अरुणाचल प्रदेश चले गए जहां उन्हें बोमडीला का एसपी बनाया गया। कुछ दिनों के बाद वे दिल्ली लौट आए। तिहाड़ के प्रभारी बनने से पहले वे दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त (मुख्यालय) थे और राष्ट्रमंडल खेलों के सुरक्षा इंतजामात के प्रभारी भी रहे। उन्होंने मुंबई के श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों की जांच टीम का नेतृत्व किया था। वह दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ में संयुक्त आयुक्त भी रहे।
गृह मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, पुलिस आयुक्त के लिए बनाए गए पैनल में चार पुलिस अधिकारी नीरज कुमार, अजय चड्ढा, भीमसेन बस्सी और महिला आईपीएस अधिकारी कंवलजीत सिंह देओल के नाम थे। नीरज कुमार और अजय चड्ढा एक ही बैच के पुलिस अधिकारी हैं और पुलिस आयुक्त के लिए आखिरी दौर तक इन दोनों के नाम पर चर्चा हुई थी।
सूत्रों ने बताया कि कुमार के नाम को इसलिए अंतिम रूप दिया गया क्योंकि वह वरिष्ठतम अधिकारी हैं। कुमार को जुलाई 2013 में रिटायर होना है। इस अवसर पर नीरज कुमार ने कहा कि सरकार ने उन्हें जो उत्तरदायित्व सौंपा है उससे वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह बड़ी जिम्मेदारी है। अपनी इस जिम्मेदारी को वह ईमानदारी से निभाएंगे और भरपूर कोशिश करेंगे कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर सकें।












Click it and Unblock the Notifications