नरेंद्र मोदी को एक साथ सुनेंगे 12 अमेरिकी शहरों के एनआरआई

एनआरआई के मंच पर मोदी के इस भाषण का लाइव टेलीकास्ट www.gujaratindia.com और टीवी 9 जैसे गुजराती चैनलों पर भी देखा जा सकेगा। अमेरिका में रह रहे आयोजकों के मुताबिक इस कार्यक्रम का आयोजन अप्रवासी भारतीयों के उस आग्रह पर किया जा रहा है, जिसमें उन्होंने गुजरात के विकास पर मोदी को सुनने की इच्छा जाहिर की थी। चूंकि मोदी एक महीने तक चलने वाले कृषि महोत्सव में व्यस्त हैं, लिहाजा इस कार्यक्रम का समय काफी महत्वपूर्ण है। कृषि महोत्सव में गुजरात के किसानों तक नई तकनीकियों को पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें जागरूक किया जाता है। इसमें कोई शक नहीं कि मोदी के राज में गुजरात ने कृषि के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र में भी काफी उन्नति की है।
इस कार्यक्रम से मोदी की अमेरिका में प्रसिद्ध का अंदाजा आप लगा सकते हैं। हाल ही में गुजरात ने चरनका में स्थित 600 मेगावॉट का सोलर पावर प्लांट राष्ट्र को समर्पित किया था। मुंबई में रह रहे अमेरिकी काउंसिल जनरल पीटर हास इस मौके पर उपस्थित थे, जिन्होंने गुजरात के विकास की तारीफ की थी। सितंबर 2011 में अमेरिका की स्वतंत्र थिंक टैंक ने मोदी को 'किंग ऑफ गवर्नेन्स' करार दिया था और गुजरात के विकास की सराहना की थी। इतना ही नहीं टाइम पत्रिका ने भी मोदी को कवर पेज पर प्रकाशित किया था। पत्रिका की कवर स्टोरी का शीर्षक था, "मोदी मीन्स बिजनेस" यानी मोदी का मतलब व्यापार।
यही नहीं अमेरिका के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित थिंक टैंक संस्थान ब्रूकिंग्स इंस्टीट्यूशन ने विलियम एंथेलिस द्वारा लिखी गई गुजरात के विकास की गाथा की सराहना की थी। हाल ही में फाइनेंशियल टाइम्स ने लिखा था कि जिस प्रकार मोदी ने 2001 के बाद राज्य में शांति की अलख जलाई है, वो काबिल-ए-तारीफ है। इससे पता चलता है कि विदेश में रह रहे लोग मोदी को क्यों सुनने के लिए बेताब रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications