महिलाओं को मिलेगा मातृत्व सहयोग योजना का लाभ

यह योजना अभी तक जिले की तीन तहसीलों मुसाफिरखाना, अमेठी और गौरीगंज में लागू थी। अब इस जिले की शेष दो तहसीलों तिलोई और सेलोन में भी इस योजना को लागू करने की मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दो और तहसीलों तिलोई और सेलोन के लिए और 11 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी तथा 32 हजार और लोगों को लाभ होगा।
इन्दिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना एक केन्द्र प्रायोजित योजना है जिसके लिए आर्थिक मामलों से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति ने मंजूरी दी थी। यह योजना देश के सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदशों के 52 जिलों में प्रायोगिक आधार पर लागू हैं। इसका उद्देश्य गर्भवती और दूध पिलाने वाली माताओं तथा उनके शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषाहार की स्थिति में सुधार लाना है। इस योजना में उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर और महोबा जिले भी शामिल हैं।
एक जुलाई 2010 को नया जिला छत्रपति साहूजी महाराज नगर बनाया गया था, जिसमें सुल्तानपुर जिले की तीन तहसीलों, मुसाफिरखाना, अमेठी और गौरीगंज और राय बरेली जिले की दो और तहसीलों तिलोई और सेलोन को शामिल किया गया था। प्रदेश सरकार ने अनुरोध किया था कि तिलोई और सेलोन को भी इस योजना में शामिल किया जाए जिससे कि यह योजना समूचे छत्रपति साहूजी महाराज नगर जिले में लागू हो जाए।












Click it and Unblock the Notifications