पैसा देकर खबर छपवाना गलत, लगाएंगे लगाम: कुरैशी

डॉ. कुरैशी ने कहा कि हाल के चुनावों में देखने को मिला है कि उम्मीदवार विज्ञापन को भी खबर की शक्ल में अखबारों में छपवाता है। इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है। इसे पूर्ण रूप से रोकना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। चुनाव के बाद निश्चित समयावधि में उम्मीदवारों से चुनावी खर्च मांगा जाना जरूरी है ताकि उसकी समय पर जांच की जा सके। यदि कोई उम्मीदवार नियमों की अवहेलना करते हुए पाया जाता है तो उसकी उम्मीदवारी रद्द की जा सके।
डॉ. कुरैशी ने इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को 18 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की वोट बनाने के काम में तेजी लाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में महिलाओं का वोट बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं का वोट बनने का प्रतिशत कम है। ईवीएम के प्रशिक्षण व उनकी पूर्ण जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर भी गंभीरता से मंथन किया गया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाताओं की हर प्रकार की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका जल्द से जल्द निवारण किया जाना चाहिए।
इस दौरान चुनाव आयुक्त वीएस संपत्त व एचएस ब्रह्मा ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए व निर्वाचन अधिकारियों को कड़ाई के साथ नियमों की अनुपालना कराने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान डॉ. कुरैशी ने सभी प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आयोग की वेबसाइट पर अपने राज्यों की पूरी जानकारी को अपडेट करें और उसका प्रिंट आउट भी तैयार कराएं। उन्होंने वेबसाइट पर सभी सूचनाएं अपडेट करने लिए पांच दिन का समय दिया, जबकि प्रिंट आउट तैयार करने के लिए 30 अप्रैल तक का समय दिया है।












Click it and Unblock the Notifications