परीक्षा में फेल होने पर शिक्षक को लोहे की छड़ से पीटा

कक्षा नौवीं का छात्र सागर इस बार की वार्षिक परीक्षा में फेल हो गया। सुबह वह अपने पिता के साथ प्रधानाचार्य से परीक्षा में पास करने की विनती लेकर पहुंचा। प्रधानाचार्य पीके जैन ने छात्र को पास करने से मना कर दिया। इसके बाद सागर और उसके पिता वहां से चले गए। दोपहर करीब 12 बजे सागर स्कूल की दीवार फांदकर खेल के शिक्षक अजय कुमार के कमरे में घुस आया और रॉड से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास मौजूद स्टाफ ने सागर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला। घायल शिक्षक को पास के ही भारद्वाज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि अजय ने मार्च में परीक्षा के दौरान छात्र को पकड़ लिया था। उन्होंने बताया कि छात्र की थाना सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत करने के बाद उसे स्कूल से निष्काषित कर दिया गया है।
फोर्टिस अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. समीर मल्होत्रा ने कहा कि बच्चों में आज संस्कारों की कमी है। बड़ों का आदर-सत्कार आज के बच्चों में खत्म सा हो गया है। यह सोच कि पैसे से सब कुछ खरीदा जा सकता है, बहुत गलत है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से कुछ भी हासिल कर लेने की चाह के चलते बच्चे अक्सर गलत रास्ता चुनते हैं और राह में बाधा आने पर उग्र हो जाते हैं। बच्चों को अच्छे संस्कार देना बहुत आवश्यक है।












Click it and Unblock the Notifications